लाइव अपडेट
05:43 PM, 16-Aug-2025
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर पर भक्तों की भीड़श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे हैं। यहां सुरक्षा के चाक-चाैबंद इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए भीड़ प्रबंधन पर भी ध्यान दिया गया है। आला अधिकारी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं।
05:15 PM, 16-Aug-2025
परिक्रमा मार्ग से लेकर पर्यावरण संरक्षण तक की परियोजनाएं हैं शामिलमुख्यमंत्री ने मथुरा-वृंदावन के लिए 646 करोड़ रुपये की 118 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें 80 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया, जिनकी लागत करीब 273 करोड़ रुपए है। वहीं 38 परियोजनाओं का शिलान्यास मुख्यमंत्री ने किया, जिनकी लागत करीब 373 करोड़ रुपए है। इन परियोजनाओं में परिक्रमा मार्गों का सौंदर्यीकरण, प्रवेश द्वार, कुंडों का जीर्णोद्धार, श्रद्धालुओं की सुविधा, कनेक्टिविटी, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने पांचजन्य सभागार में भजन-कीर्तन और श्रीकृष्ण लीलाओं के आयोजन को भक्तिमय माहौल का हिस्सा बताया। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और संतों के प्रयासों की सराहना की, जिनके सहयोग से ब्रज क्षेत्र के विकास के प्रस्ताव स्वीकृत हुए। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज मिलकर भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और संवर्धित करने के लिए कटिबद्ध हैं।
04:53 PM, 16-Aug-2025
सज्जनों का किया संरक्षणमुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के उद्देश्य को याद करते हुए कहा कि उनका अवतार सज्जनों के संरक्षण और दुष्टों के संहार के लिए हुआ था। उन्होंने युद्धभूमि को धर्मभूमि में बदल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीकृष्ण की निष्काम कर्म की प्रेरणा हमें ताकत देती है। जब तक यह प्रेरणा हमारे बीच है, कोई हमारा बाल भी बांका नहीं कर सकता। उन्होंने भारत की आजादी के 78 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्वतंत्रता के शताब्दी महोत्सव (2047) के लिए नए संकल्प रखे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा में हुई 24 घंटे की चर्चा का जिक्र करते हुए कहा कि 2047 तक उत्तर प्रदेश को समृद्ध और विकसित बनाने के लिए समाज और सरकार को मिलकर काम करना होगा।
04:24 PM, 16-Aug-2025

दाऊजी महाराज मंदिर में भक्तों की भीड़।
मथुरा के बलदेव में श्रीकृष्ण भगवान के बड़े भैया श्री दाऊजी महाराज मंदिर में जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। हर ओर श्रद्धा व भक्ति भाव नजर आया। सभी श्रद्धालुओं ने श्री दाऊजी महाराज के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया। श्री दाऊजी महाराज का विशेष अभिषेक व श्रृंगार के दर्शन किए। मध्य रात्रि में विशेष अभिषेक व श्रृंगार के दर्शन होंगे, उनके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ेंगे।
04:00 PM, 16-Aug-2025
ब्रज क्षेत्र के लिए 30 हजार करोड़ की कार्ययोजना की घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रज क्षेत्र के समग्र विकास के लिए 30 हजार करोड़ रुपये की नई कार्ययोजना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह कार्ययोजना मथुरा, वृंदावन, बरसाना और गोकुल जैसे तीर्थ स्थलों को द्वापर युग की स्मृतियों से जोड़ेगी। उन्होंने कहा हमारी सरकार पूज्य संतों की भावनाओं का सम्मान करने और बृजक्षेत्र को संवर्धित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हम उन कार्यों को संभव बना रहे हैं, जिन्हें कभी असंभव माना जाता था। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का उदाहरण देते हुए कहा कि 10 साल पहले इनकी कल्पना भी असंभव लगती थी, लेकिन आज ये साकार हो चुके हैं। काशी में जहां पहले 50 श्रद्धालु एक साथ दर्शन नहीं कर पाते थे, वहां आज 50 हजार श्रद्धालु एक साथ दर्शन कर सकते हैं। अयोध्या में भव्य राम मंदिर त्रेतायुग की स्मृति को जीवंत कर रहा है। इसी तरह, विंध्यवासिनी धाम में भी भव्य कॉरिडोर का निर्माण पूरा हो चुका है।
03:25 PM, 16-Aug-2025
सीएम के जाने के बाद उमड़ा भक्तों का हुजूममथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जाने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। प्रशासन ने बैरियर हटा दिए हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्रीकृष्ण जन्मभूमि में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
02:19 PM, 16-Aug-2025
नंदगांव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियांभगवान श्री कृष्ण की क्रीड़ा स्थली नंदगांव में श्री कृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। यहां श्री कृष्ण जन्माष्टमी 17 तथा नंदोत्सव 18 अगस्त को मनाया जाएगा। यहां जन्माष्टमी खुर गिनती विधि से मनाई जाती है। यानी रक्षा बंधन के बाद ठीक 8 दिन गिनकर। 17 अगस्त को मध्यरात्री में अजन्मे कृष्ण अवतरित होंगे। 18 अगस्त को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन नंदभवन में होगा। जिसमें नंदगांव बरसाना के समाजियों द्वारा बधाई गायन, बांस बधाई, दधी कंधौ लीला, प्रतीकात्मक मल्ल युद्ध आदि आकर्षण के होंगे।
02:09 PM, 16-Aug-2025
राधा रमण लाल और राधा दमोदर लाल मंदिर में दिन में हुआ महाभिषेक वृंदावन में जहां एक ओर देश भर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में रात को दुनिया भर मेंं अभिषेक किया जाता है वहीं वृंदावन के प्रमुख सप्तदेवायलों में शामिल राधा दमोदर लाल मंदिर और राधा रमण मंदिर में दिन में भी आराध्य का महाभिषेक किया जाता है। इस पल के साक्षी बनने के लिए लाखों श्रृद्धालु मंदिर पहुंचते हैं। इस दिन के लिए काफी समय पहले ही होटल आश्रमों में बुकिंग शुरू हो जाती हैं।
01:45 PM, 16-Aug-2025
द्वारिकाधीश मंदिर में दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव, नोट कर लें समयमथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर ठाकुर द्वारिकाधीश मंदिर के दर्शन के समय में परिवर्तन किया गया है। नए समय के अनुसार 16 अगस्त को प्रात:काल 6 बजे से 6:15 तक ठाकुरजी के पंचामृत अभिषेक के दर्शन 6:30 से और शृंगार के दर्शन लगभग 8:30 पर होंगे।
01:17 PM, 16-Aug-2025
रात दो बजे होंगे ठाकुरजी के दर्शनजन्मभूमि संस्थान के पदाधिकारियों ने मंगलवार को सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी बांट दी है। जन्मभूमि संस्थान के सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने बताया कि 16 अगस्त को रात 11 बजे से मंदिर में ठाकुरजी के जन्मोत्सव के कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। रात 12 बजे ठाकुरजी का अभिषेक किया जाएगा। साथ ही रात 2:00 बजे तक भक्त कान्हा के दर्शन कर सकेंगे। इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं।
.jpg)
0 Comments